Site icon samacharsavera.com

शिखर धवन अपने बेटे से 12 महीने से नहीं मिले, जन्मदिन पर लिखी ये भावुक पोस्ट

 भारतीय बल्लेबाज़ शिखर धवन ने अपने बेटे ज़ोरावर के जन्मदिन पर इंस्टाग्राम पर एक भावुक मैसेज़ लिखा है. इस मैसेज की सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा हो रही है.

शिखर धवन ने इस मैसेज में अपने बेटे से कहा है कि भले ही वो उससे एक साल से नहीं मिले हैं लेकिन दिल से हमेशा वो उनके पास ही हैं.

उन्होंने कहा है कि पिछले तीन महीने से उन्हें हर माध्यम से ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे वो बेटे से संपर्क कर सकते थे.

इस साल अक्टूबर में दिल्ली की एक अदालत ने क्रिकेटर शिखर धवन और उनकी पत्नी आयशा के तलाक़ को मंज़ूरी दे दी थी. शिखर धवन अपनी पत्नी आयशा मुखर्जी से अलग रह रहे थे.

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 37 वर्षीय शिखर धवन को मानसिक प्रताड़ना के आधार पर तलाक की इजाज़त दी थी.

कोर्ट ने इस दौरान ये कहा था कि शिखर धवन को उनके बेटे से सालों तक अलग रखकर पत्नी ने उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी है. कोर्ट ने धवन को उनके बेटे से भारत और ऑस्ट्रेलिया में मिलने की अनुमति भी दी थी.

बेटे के लिए ये संदेश लिखा

धवन ने अपनी पोस्ट में लिखा, “तुमसे एक साल से नहीं मिला हूँ और अब तीन महीने से ज़्यादा समय से मुझे हर जगह से ब्लॉक कर दिया गया है. इसलिए मैं पुरानी तस्वीर ही पोस्ट करके शुभकामनाएं दे रहा हूं. मेरे बच्चे, जन्मदिन मुबारक हो.”

“मैं सीधे तुमसे मिल नहीं सकता लेकिन दुनिया में टेलीपैथी नाम की भी चीज होती है, मैं तुमसे दिल से जुड़ा हुआ हूँ. मुझे तुम पर बहुत गर्व है, मुझे पता है कि तुम अच्छा कर रहे हो और अच्छे से बड़े हो रहे हो. पापा तुम्हें हमेशा याद करते हैं और तुमसे प्यार करते हैं. वो हमेशा सकारात्मक हैं. भगवान की कृपा से जब हम मिलेंगे तो तुम मुझे मुस्कान के साथ इंतज़ार करते पाओगे. नटखट बनो लेकिन हानि पहुंचाने वाला नहीं. लोगों की मदद करो, दयालु बनो, धैर्य रखना सीखो और मज़बूत बनो.”

“तुम्हें न देखने के बाद भी मैं तुम्हें रोज़ मैसेज लिखता हूं, मैं उसमें तुमसे तुम्हारे रोज़ के जीवन के बारे में पूछता हूँ, तुम्हें बताता हूं कि मैं क्या कर रहा हूं.

बहुत बहुत प्यार ज़ोरा

Exit mobile version